जनसेवा केंद्रों पर अनियमितताओं की होगी जांच
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
जनसेवा केंद्रों पर बढ़ती अनियमितताओं की शिकायतों से नाराज डीएम ने सभी की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने सभी एडीएम एवं एसडीएम को छह बिंदुओं पर जांच फोटोग्राफ समेत उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
डीएम ऋषिकेश भास्कर याशोद ने बताया कि जांच अफसरों को केंद्रों पर देखना है कि वहां सभी विभागीय सेवाओं की सूची चस्पा है अथवा नहीं। शासनादेश के अनुसार खतौनी को छोड़कर अन्य सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क 20 रुपये केंद्र पर प्रदर्शित किया गया है अथवा नहीं, खतौनी का निर्धारित शुल्क 30 रुपये दर्शाया गया है या नहीं। केंद्र स्वीकृत जगह पर स्थापित हैं या नहीं, संचालकों का जनता के प्रति कैसा बर्ताव है। वहां बैठने, पानी आदि की व्यवस्था है या नहीं। उन्होंने सभी जांच अधिकारियों को जांच के लिए एक पखवाड़े का समय दिया है। स्पष्ट कहा है कि इन सभी नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाए।