संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बिटिया के प्रकरण को लेकर आरोपी पक्ष भी एकजुट होने लगा है। आरोपी पक्ष के समर्थन में सवर्ण समाज के लोगों ने गांव बघना में पंचायत की। पंचायत में 12 गांव के काफी लोग शामिल थे। इन लोगों ने सीधे सीधे आरोपियों को निर्दोष बताते हुए पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच और नार्को टेस्ट कराने की मांग की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब आरोपियों के समर्थन में लोग एकत्रित होने शुरू हो गए हैं। इसे लेकर गांव बघना में 12 गांव के काफी लोग एकत्रित हुए। वहां लोगों ने मांग की कि इस मामले की सीबीआई जांच कराई जाए। आरोपी व वादी दोनों पक्षों के नार्को टेस्ट कराए जाएं, जिससे हकीकत सामने आ सके।
वहीं पंचायत के दौरान लोगों ने बिटिया के भाई पर ही उसकी हत्या का आरोप लगाया। इस मौके पर प्रमुख ब्लॉक प्रमुख हसायन के पति सुमंत किशोर सिंह ने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो। दोनों परिवारों का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए, जिससे असली कातिलों को सजा दी जा सके। जब फोरेंसिक जांच में बलात्कार की पुष्टि नहीं हुई तो निर्दोषों को तत्काल रिहा किया जाना चाहिए।