क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
रेलवे जंक्शन पर शनिवार की रात को रेलवे मजिस्ट्रेट कुलदीप कुमार ने रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और आरपीएफ क्राइम ब्रांच की टीम के साथ चेकिंग की। दिल्ली से आने वाली पूर्वा एक्सप्रेस से 50 यात्रियों को पकड़ा। यह सभी पूर्वा एक्सप्रेस के तय नियम के अनुसार 400 किमी से कम दूरी की टिकट पर गाड़ी में यात्रा कर रहे थे।
मजिस्ट्रेट ने सभी को आरपीएफ के हवाले कर दिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर के मुताबिक सभी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पूर्वा एक्सप्रेस में 400 किमी से कम की यात्रा का टिकट वैध नहीं है। पकड़े गए यात्रियों में 18 महिला और 32 पुरुष शामिल थे।
महिलाओं को हिदायत देकर छोड़ा गया। वहीं, पुरुषों पर 1400-1400 रुपये का जुर्माना किया गया है। गाड़ी में आए दिन लोकल पैसेंजरों द्वारा मारपीट और अभद्रता की शिकायतें मिल रहीं थीं। इसी के चलते चेकिंग अभियान चलाया गया था।