न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
अगर आप एक्सपोर्ट उत्पादों की मार्केटिंग के वास्ते नए वैश्विक बाजार की तलाश में हैं तो ये आपके के लिए सुनहरा मौका है। चाइना के लिनी शहर में नौवें इंटरनेशनल ट्रेेड एंड लाजिस्टिक फेयर का आयोजन 14 से 17 सितंबर के बीच हो रहा है, जिसमें दुनिया के 38 देशों की 4000 कंपनियां अपने स्टॉल एक साथ लगाएंगी। यहां बड़ी संख्या में खरीदार और व्यापारी भी जुटेंगे। उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट प्रमोशन कौंसिल ऐसे इच्छुक निर्यातकों को चीन ले जाने की तैयारी कर रही है।
चीन जाने वाले निर्यातकों को मेला स्थल पर महज 30 हजार रुपये में चार दिन के लिए नौ वर्गमीटर का स्टॉल मिलेगा। जिसमें वह 14 से 17 सितंबर तक अपने उत्पादों का डिस्पले और मार्केटिंग कर सकें गे। यानी एक दिन का किराया लगभग साढ़े सात हजार रुपये पड़ेगा। नौ वर्गमीटर के स्टॉल के साथ दो कुर्सी, एक लाइट साकेट, एक डस्टबिन, दो स्पॉट लाइट मिलेगी। इसके साथ ही जाने वाले को ट्विन शेयरिंग (दो लोग के बीच) पर चार रात्रि प्रवास, वीजा रिकंमडेशन, आमंत्रण पत्र की व्यवस्था उत्तर प्रदेश एक्सपोर्ट प्रमोशन कौंसिल की ओर से की जाएगी। यात्रा व्यय, मेला स्थल तक माल को ले जाने का भाड़ा के साथ अन्य खर्च स्वयं निर्यातक को वहन करना होगा।
इस मेले में फूड एंड बेवरीज, आर्ट्स एवं क्राफ्ट्स, ज्वैलरी, कॉस्मेटिक, बैग, वेंडिंग, लकड़ी के उत्पाद, बिल्डिंग मेटेरियल, हाउस होल्ड, इलेक्ट्रिक एप्लाइंसेस, किचन बाथरूम सप्लाइस, हैंडीक्राफ्ट आदि उत्पादों की 4000 इकाइयां भाग लेंगी। यहां पहुंचने वाले स्थानीय निर्यातकों को विभिन्न देशों से आए उत्पादों की रेंज, डिजाइन, गुणवत्ता, कलर कांबीनेशन, ट्रेंड, पैकेजिंग और रेट की जानकारी मिल सकेगी। जिससे वह अपने उत्पादों को भी दुनिया के बाजार के लिए प्रतिस्पर्धी बना सकेंगे। उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने बताया कि इसके लिए इच्छुक निर्यातकों को 10 से 11 अगस्त के बीच जिला उद्योग केंद्र पर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा।
ऐसे है नुमाइश के बराबर का किराया
1-नुमाइश मैदान के चौराहे के स्टाल का 20 दिन का किराया सवा लाख तक होता है यानी प्रतिदिन 6,500 रुपये इसके अलावा बिजली का खर्च अलग दोनों मिला दें तो लगभग 6,800 रुपये प्रति दिन पड़ता है।
2-चीन के लिनी शहर के इंटरनेशनल फेयर में एक स्टॉल का एक दिन का किराया लगभग 7,500 रुपये है, जिसमें बिजली का खर्च साफ-सफाई आदि शामिल है। वहां पूरी दुनिया का बाजार जुटेगा।
अलीगढ़ में निर्यातकों की संख्या : 122 इकाइयां
निर्यात उत्पाद : लॉक्स, बिल्डिंग मैटेरियल और मीट
निर्यात वाले देश : यूके, यूएसए, आस्ट्रेलिया, श्रीलंका, मिश्र, अफ्रीका और फिनलैंड
सालाना निर्यात : 4,600 करोड़ रुपये के आसपास