न्यूज डेस्क, अमर उजाला,अलीगढ़।
जिलाधिकारी चंद्र भूषण सिंह ने बताया है कि किशोर न्याय, बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम 2015 के तहत जनपद में नवजात शिशुओं को सड़क एवं निर्जन स्थानों पर फेंक दिए जाने, लावारिस, परित्यक्त एवं अनाथ बच्चों की सहायता के लिए समेकित बाल संरक्षण योजना के तहत पालना शिशु स्वागत केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला एवं सिविल अस्पताल, बाल ग्रहों एवं चाइल्ड लाइन प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने केन्द्र परिसर में मुख्य द्वार के समीप अथवा सुरक्षित स्थान पर पालना शिशु स्वागत केन्द्र स्थापित करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि केन्द्र के निकट ही किसी दीवार पर बच्चों के सहायतार्थ आवश्यक टोल फ्री नंबर डायल-100, चाइल्ड लाइन1098 एवं 181 महिला हेल्प लाइन के साथ ही अध्यक्ष व सदस्य बाल कल्याण समिति, बाल संरक्षण अधिकारी, बाल कल्याण अधिकारी, पुलिस व केन्द्र पर पालना की 24 घंटे रोस्टर ड्यूटी अनुसार देखरेख के लिए नामित नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर भी प्रदर्शित किए जाएं। पालना शिशु स्वागत केन्द्र स्थापित कराकर इसकी सूचना जिला प्रोबेशन अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।