46.48 लाख की बैंक गारंटी पर छूटे हैवल्स का 83 लाख के एसी
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से साहिबाबाद जा रहे इन्वर्टर चालित एसी से लदे तीन ट्रक वाणिज्य कर विभाग की एसआईबी टीम ने पकड़े। नियमानुसार कार्रवाई होने के बाद 80 लाख रुपये की कीमत का ये माल 46.48 लाख रुपये की बैंक गारंटी लेने के बाद छोड़ा गया है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि बैंक गारंटी ही जुर्माना राशि के रूप में निहित कर ली जाएगी। एसआईबी टीम के एडिशनल कमिश्नर सीबी सिंह ने बताया कि मथुरा के अधिकारी सुभाष चंद्र यादव के नेतृत्व में लगी टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अब आगे की कार्रवाई गाजियाबाद की टीम करेगी।
सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि रायगढ़ से तीन ट्रकों में हैवल्स कंपनी के इन्वर्टर से चलने वाले एसी साहिबाबाद भेजने के लिए तीन ट्रकों में लादे गए थे। एसी के बिल थे लेकिन रास्ते के लिए जरूरी ई वे बिल साथ में नहीं था। इसलिए ट्रक नंबर एचआर 55 एबी 0711, एचआर 55 एबी 7581, एचआर 55 एबी 7233 को एनएच-2 पर कोसी के पास रोका गया था।
इन ट्रकों में 135,135 और 138 कुल 408 एसी लादे गए थे। कार्यवाही के बाद माल भेजने वाली कंपनी ने 46.48 लाख रुपये की बैंक गारंटी जमा कराई है। जिसके बाद माल छोड़ा गया है। बैंक गारंटी की रकम ही जुर्माने के रूप में निहित कर ली जाएगी। इस मामले में लगभग इतना ही जुर्माना बन रहा है।