गोवंश के अवशेष मिलने पर पलवल कर दिया जाम
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
कस्बा जट्टारी के समीपवर्ती अलीगढ़ पलवल मार्ग पर स्थित ग्राम भरतपुर बझेड़ा की पुलिया के नीचे गोवंश कटने के अवशेष मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अलीगढ़ पलवल मार्ग पर लगभग एक घंटे तक जाम लगाया। सीओ खैर द्वारा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आश्वासन पर ही जाम को खोला गया।
भरतपुर बझेड़ा की पुलिया के नीचे गाय कटने के सींग, खुर व खाल आदि अवशेष पड़े होने की सूचना मिली थी। इसी बात को सुनकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अलीगढ़ पलवल मार्ग पर लगभग सुबह सात बजे से लेकर साढ़े आठ बजे तक जाम लगा दिया।
जिससे मार्ग पर आवागमन पूर्ण रूप से अवरुद्ध हो गया व वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। जाम की सूचना पर चौकी प्रभारी मृदुल कुमार ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता नही माने। हिंदूवादी कार्यकर्ताओं द्वारा स्थिति बिगड़ते देख थाना टप्पल व सोफा चौकी की फोर्स वहां आ पहुंची।
इसके बाद पहुंचे सीओ खैर ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाया एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर जाम को खोला गया।
वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा गाय के अवशेषों को गड्ढा खुदवाकर दफन किया गया। सीथ ही कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ तहरीर दी।
चौकी प्रभारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं उक्त प्रकरण में टप्पल थानाध्यक्ष का कहना है कि मामला षड़यंत्र के तहत लगता है, क्योंकि पुल के नीचे केवल खाल ही पाई गई थी।