जिला पंचायत सदस्य पर लगाया हमले का आरोप
ब्यूरो,अमर उजाला,अलीगढ़।
गभाना के गांव परतापुर में मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य पर हुए हमले के मामले में बुधवार को दूसरे पख ने पलटवार किया है। एसएसपी से मिलने पहुंचे दूसरे पक्ष ने जिला पंचायत सदस्य पर हमले का आरोप लगाया है। साथ ही कहा है कि दोनों पक्षों में जमीन का विवाद चल रहा है। इसी विवाद में यह घटना हुई है।
गांव परतापुर निवासी दिनेश कुमार पुत्र कुंवरपाल शर्मा की मानें तो गांव में कुछ लोगों ने 50 बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा है। इसकी शिकायत एसडीएम से की गई थी। इस पर एसडीएम ने मंगलवार को टीम पैमाइश के लिए भेजी थी।
इस दौरान गांव के कुछ लोग मौके पर जा रहे थे। तभी उन पर हमला बोल दिया गया। गोली चल से लोगों में भगदड़ मच गई, जिसमें पिंटू पुत्र बंगाली, रामबाबू व बंगाली पुत्र मानसिंह घायल हो गए।
उन्होंने जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र सिंह समेत तीन लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। यह भी कहा है कि हमले के बाद ग्रामीणों की बाइकों को उन्होंने ही ट्रैक्टर में डालकर थाने पहुंचाया है। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने गभाना इंस्पेक्टर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बता दें कि इस मामले में मंगलवार को जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र सिंह ने दस लोगों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है।