छोटी दीपावली के दिन खरीदारी को उमड़े ग्राहक
ब्यूरो,अमर उजाला, अलीगढ़।
आज दीपावली है। हर घर में गणेश-लक्ष्मी की पूजा की तैयारी चल रही है। बुधवार को दीये, खील-बताशे, खिलौने, देवताओं के चित्र, मूर्ति से लेकर फूल-मालाओं तक की लोगों ने जमकर खरीदारी की। सोना-चांदी एवं कपड़ोेें के साथ सजावट के सामानों की खूब मांग रही। वहीं बुधवार को बाजार में ग्राहकों के उमड़ने के कारण हर तरफ जाम की स्थिति बनी रही।
दीपावली में मिट्टी के दीये सर्वाधिक महत्वपूर्ण माने जाते है। इसकी सर्वाधिक मांग है। रंगीन झालरों के साथ ही दीये की खूब बिक्री हुई। बुधवार को सेंटर प्वाइंट, रामघाट रोड, दूबे का पड़ाव, रेलवे रोड, कनवरीगंज, महावीरगंज, फूल चौराहा, मामू भांजा, बारहद्वारी, सराय हकीम, आगरा रोड, मदारगेट, अचलताल, नौरंगीलाल, क्वार्सी सहित शहर के प्रमुख एरिया में ग्राहकों की भीड़ के कारण जाम का नजारा देखने को मिला।
मामू भांजा में झालरों की अच्छी मांग है। वहीं फूल चौराहा एवं आगरा रोड पर फूल कारोबारियों को दम मारने की फुर्सत नहीं है। वहीं आज दीपावली के अवसर पर लाखों में फूल कारोबार होने की उम्मीद है।
सजावट के सामान के साथ-साथ पर्दा, चादर, कंबल, तौलिया आदि भी खूब बिक रहे हैं। कुछ बड़े व्यवसायी अपने कर्मचारियों को उपहार में देने के लिए कंबल थोक मात्रा में खरीदकर ले गए।
पैंट, शर्ट व अन्य कपड़े खरीदने के लिए देर रात तक ग्राहक दुकानों पर जमे रहे। रेलवे रोड के स्टोर संचालक संजय अग्रवाल ने बताया कि दीपावली को लेकर कपड़ों की जबर्दस्त मांग है। व्यवसायी डॉ. संजय सिंघल का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से कारोबार में इजाफा हुआ है। स्वर्ण व्यवसायियों की दुकानों पर भी देर रात तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही।
मिठाई व ड्राई फ्रूट्स की जमकर हुई बिक्री
दीपावली को लेकर मिठाई की जबर्दस्त डिमांड है। छोटी दीपावली के दिन तक मिठाई दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बड़े व्यवसायी एवं नेता अपने शुभचिंतकों को उपहार देने के लिए अच्छी मात्रा में मिठाई खरीद रहे हैं। इसके साथ ही ड्राई फ्रूट्स एवं ब्रांडेड कंपनियों के गिफ्ट पैक की भी खूब बिक्री हो रही है। जानकारों की माने तक दीपावली के पूजन तक करोड़ों में कारोबार होने की उम्मीद है।