गांधी पार्क पुलिस ने मुरादाबाद जेल में किए बी वारंट दाखिल
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
कंपनी बाग से नैनीताल बुकिंग पर ले जाई गई टैक्सी चालक के शव को बरामद कर पुलिस देर रात यहां पहुंच गई। उसके शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया। शव के पहुंचने पर भारी भीड़ जुट गई और हंगामी स्थिति बनी रही। इधर, पुलिस ने मुरादाबाद जेल में आरोपियों को साथ ले जाने के लिए बी वारंट दाखिल कर दिया।
सोमवार को गांधी पार्क के कंपनी बाग चौराहे पर ट्रैवल एजेंसी के संचालक प्रमोद कुमार की स्विफ्ट डिजायर कार को वसीम निवासी ईशापुर थाना बिलारी व मुकेश निवासी गुलाब बाड़ी कटघर मुरादाबाद भाड़े पर नैनीताल के लिए ले गए।
कार को चालक वसीम पुत्र शौकत निवासी सराय हकीम नई आबादी बन्ना देवी चला रहा था। बदमाशों ने उसे नैनीताल की पहाड़ियों में हत्या कर फेंक दिया। बाद में कार बेचने के दौरान मुरादाबाद की मझोला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मामला अलीगढ़ का होने के चलते मुरादाबाद पुलिस ने यहां सूचना दी और आरोपियों को जेल भेज दिया। सूचना मिलने पर सक्रिय हुई गांधी पार्क ने सोमवार को इन दोनों के खिलाफ बी वारंट लिए और मंगलवार को पुलिस मुरादाबाद पहुंची और मुरादाबाद जेल में आरोपियों के खिलाफ बी वारंट दाखिल करा दिया।
इधर, देर रात तक मृतक टैक्सी ड्राइवर के शव को अलीगढ़ लाया गया। उसके शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया। यहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद रही। शव पहुंचने के समय पूर्व विधायक जमीरउल्लाह भी सराय हकीम पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।