सिरसा में डटे हैं अलीगढ़ के 42 डेरा समर्थक
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
दुष्कर्म के आरोपी बाबा राम रहीम के अलीगढ़ में भी कई समर्थक हैं। इनमें से 42 सक्रिय समर्थक सिरसा में डटे हैं, जिनकी वजह से अलीगढ़ पुलिस खासी टेंशन में हैं। खुफिया तंत्र द्वारा चिह्नित किए गए 42 सक्रिय डेरा समर्थकों में से 15 गभाना से, 9 हरदुआगंज से, बन्नादेवी से 4, 11 अतरौली से और एक समर्थक जवां से है।
ये सभी डेरा के सक्रिय समर्थक हैं। ये लगभग एक सप्ताह से सिरसा में ही डटे हैं जहां डेरा सच्चा सौदा का मुख्यालय है। अभी तक इनके परिजनों ने इनकी कुशलता के बाबत पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया है, लेकिन जानकारी के अनुसार सभी सुरक्षित बताये जा रहे हैं। अब बेसब्री से इनकी घर वापसी का इंतजार है।
इनके सकुशल घर आने तक पुलिस भी टेंशन में है। इसलिए अलीगढ़ पुलिस ने सिरसा, पंचकूला पुलिस से संपर्क कर इनके बारे में जानकारी मांगी है, लेकिन अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है।
संभवत: मंगलवार तक इनके बारे में सूचनाएं मिल सकती हैं। एसएसपी राजेश पांडेय ने डेरा समर्थकों के बारे में हरेक सूचना जुटाई जा रही है जो लोग वहां गए हैं उनके बारे में भी पता किया जा रहा है। अलीगढ़ में भी डेरा समर्थकों पर नजर रखी जा रही है। 28 अगस्त को लेकर सभी स्थानों पर चौकसी की जा रही है।