बालू के ट्रकों से जबरन वसूली, न देने पर पिटाई
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
बालू बदरपुर के नुमाइश मैदान से जुड़े ठेके को लेकर लगातार जिले के विभिन्न रोडों पर जबरन वसूली करने और न देने पर मारपीट करने के आरोप लग रहे हैं।
शनिवार को भी इस तरह के तीन प्रकरणों की शिकायतें थानों तक पहुंची हैं, जिनमें सबसे खास बात है कि एक प्रकरण में तो भाजपा के कद्दावर नेता व प्रदेश के सह कोषाध्यक्ष नवीन जैन की कंपनी का माल ले जा रहे ट्रकों से वसूली की गई और न देने पर ट्रक चालकों को पीटा गया।
इनमें एक मसला बन्नादेवी, दूसरा मडराक और तीसरा अतरौली थाने में हुआ है। अतरौली प्रकरण में तो दूसरे पक्ष ने इसे ओवरटेक संबंधी विवाद बताकर अपनी ओर से भी थाने में तहरीर दे दी है।
पहला वाकया शुक्रवार रात का सारसौल चौराहे के पास का है। यहां आगरा के भाजपा नेता नवीन जैन की कंपनी के लिए ट्रकों में बालू जा रही थी। तभी रास्ते में अज्ञात दबंगों ने ट्रक रुकवाकर 15 सौ रुपये की रसीद कटवाने का दबाव बनाया।
न देने पर ट्रक चालक आदि को पीटा। बाद में जबरन 15 सौ रुपये ले लिए गए। इस संबंध में नसीरगढ़ अजमेर राजस्थान के ट्रक चालक भोलानाथ ने बन्नादेवी थाने में तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर के अनुसार मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इसी तरह मडराक क्षेत्र में मथुरा रोड पर भी रुपये न देने पर ट्रक चालकों को पीटा गया। यह ट्रक काजिमाबाद के योगेंद्र के थे। एसओ मडराक के अनुसार इस संबंध में थाने पर आई तहरीर में जबरन 15 सौ रुपये मांगने न देने पर पीटने का आरोप है।
इधर, अतरौली कस्बे के अवंतीबाई चौराहे पर अवैध वसूली के विरोध में कुछ लोगों ने ट्रक चालकों के साथ मारपीट की। यहां कुछ सफेदपोशों का नाम भी अवैध वसूली में लिया जा रहा है।
शनिवार सुबह बशीर, आरिफ, मुबारक, सनी आदि ट्रक ड्राइवर कोतवाली पहुंचे। लिखित में शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे अवंतीबाई चौराहे पर कुछ लोगों ने उनसे 1500 रुपये प्रति ट्रक की मांग की। रुपये न देने पर मारपीट की और जबरन रुपये निकाल ले गए। इस दौरान ट्रक चालकों के समर्थन में कुछ लोग वहां पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
कोतवाल उत्तमचंद पटेल का कहना है कि दोनों पक्षों से मारपीट की तहरीर मिली है। दूसरे पक्ष से अकराबाद के मुकेश ने ओवरटेक के विवाद में मारपीट का आरोप लगाया है। प्रकरण की जांच की जा रही है।
जिले में ट्रकों से अवैध वसूली व मारपीट की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। शुक्रवार रात भाजपा नेता का माल ले जा रहे ट्रकों से वसूली हुई है। इसकी शिकायत एसएसपी से हुई, तब कार्रवाई हुई। हम इस मसले को लगातार उठा रहे हैं, जिला स्तर पर सुनवाई नहीं हो रही है। अब साक्ष्यों के साथ इस संबंध में सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से और दिल्ली में पार्टी हाईकमान से शिकायत की जाएगी। जिले में किसी कीमत पर भाजपा को बदनाम करने वालों की मंशा पूरी नहीं होने दी जाएगी।
ठा.दलवीर सिंह बरौली विधायक