क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
थाना क्षेत्र के साधू आश्रम में प्रमाण पत्रों की कॉपी कराने जा रही 10वीं की छात्रा के साथ 30 मार्च को हुई गैंगरेप की वारदात के तीसरे आरोपी लल्ला पुत्र यशपाल ने बुधवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वारदात के बाद से वह फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी लल्ला के सरेंडर की खबर पाकर पुलिस ने भी राहत की सांस ली।
माना जा रहा है कि कोर्ट में अर्जी दाखिल कर पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने की मांग कर सकती है। इधर, इस मामले के दो अन्य आरोपी सुनील और बृजेश को हरदुआगंज पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
बता दें कि 30 मार्च को थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी साधू आश्रम पर प्रमाण पत्रों की फोटोकॉपी कराने जा रही थी। इसी दौरान उसे जबरन उठा ले गए और एक बंद पड़े ईंट के भट्ठे में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। एसओ के अनुसार अब आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा।