न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत 2004-05 में डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि से उत्तीर्ण होने वाले सभी शिक्षकों के दस्तावेजों की गहनता से जांच होगी। इस जांच के आधार पर संशोधित सूची तैयार की जाएगी। जिसके आधार पर इन सभी शिक्षकों के खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को पत्र प्रेषित कर ऐसे सभी शिक्षकों के दस्तावेजों की जांच कर एक फरवरी तक कार्यालय में सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि शासनादेश के अनुसार डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से 2004-2005 में पाये गए फर्जी एवं टैंपर्ड प्रमाणपत्र धारी अभ्यर्थियों की बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक पद पर चयनित अभ्यर्थियों के विरुद्ध अभियोग की विवेचना के दौरान पूर्व में प्रेषित सूची का पुन: सघनता से परीक्षण किया जाएगा। इसलिए बीएसए ने 2004-05 बीएड उत्तीर्ण अभ्यर्थी, जो वर्ष 2005 में अद्यतन तक बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षकों की जांच करने के निर्देश दे दिए हैं। इसके बाद सभी बीईओ निर्धारित प्रारूप पर हार्ड एवं साफ्ट कापी में उनके अंक पत्र की संबंधित अध्यापक से स्वप्रमाणित प्रति प्रत्येक दशा में एक फरवरी तक कार्यालय में उपलब्ध कराएंगे। इसके बावजूद अगर इस प्रकार का कोई भी अध्यापक, अध्यापिका सूची से छूटता है तो खंड शिक्षाधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी बीईओ प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करेंगे।