न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
जीवन की भागदौड़ में जब नाते-रिश्ते पीछे छूटते जा रहे हैं। लोगों के पास अपनों से मिलने का समय नहीं है। ऐसे में कोई राजनेता अपने व्यस्त समय में से कुछ पल निकालकर छात्र जीवन के गुरु के पास अचानक पहुंच जाए तो चौंकना लाजिमी है। हालांकि 94 साल के बुजुर्ग को कितनी खुशी मिली होगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होगा।
बरौली विधायक दलवीर सिंह मंगलवार को शहर विधायक संजीव राजा द्वारा आगरा रोड पर आयोजित खिचड़ी भोज में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी क्रम में वह छात्र जीवन के गुरु रहे 94 वर्षीय डॉ. वेदराम वेदार्थी के घर पहुंच गए। दरवाजे पर डॉ. वेदार्थी के पौत्र आए और उन्होंने बाबा को बरौली विधायक के आने की सूचना दी। गुरुजी अपने विधायक शिष्य को देखकर हतप्रद रह गए।
विधायक ने उनके साथ बैठकर पुरानी यादें ताजा की और आशीर्वाद लिया। डॉ. वेदराम वेदार्थी अपने जमाने के जाने माने शिक्षक रहे हैं। डीएस कॉलेज में 1971 में उन्होंने बरौली विधायक को बीएड में पढ़ाया था। डॉ. वेदार्थी ने दलवीर सिंह को स्मृति स्वरूप अपने पुस्तक संग्रह में से ‘सर्व दर्शन संग्रह’ पुस्तक भेंट की। इस मौके पर युवा भाजपा नेता विजय कुमार सिंह, सुशील गुप्ता आदि मौजूद थे।