न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रस्तावित नये बस अड्डों पर निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। यहां पर पानी के लिए सबमर्सिबल पंप लगवाए जा रहे हैं।
एसडीएम कोल जोगिंदर सिंह ने बताया कि निजी बस अड्डों पर सभी जन सुविधाओं को पूरा करने के लिए जनपद के अधिकारी लगे हुए हैं। इसी क्रम में धनीपुर में पनैठी के पास वाले बस स्टैंड पर पानी की बोरिंग शुरू करा दी गई है। यहां हल्का लेखपाल रमन सिंह को तैनात किया गया है। वह अपनी देखरेख में इसका काम पूरा कराएंगे।
गौर हो कि 4 सितंबर मंगलवार को मडराक में भीषण सड़क हादसे में दो बसों की आमने सामने टक्कर हो गई थी। इसमें 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। जिसके बाद जिला प्रशासन ने सिटी बस अड्डों को शहर से बाहर करने का फैसला किया।
गुरुवार रात को हुए इस फैसले के बाद प्रशासन ने तत्काल जगह का चिन्हांकन कर तीन बस अडडे का निर्माण कराना शुरू कर दिया है।
इसमें खेरेश्वर धाम के पास 14 बीघा, सारसौल के पास रसूलाबाद में 5 एकड़, धनीपुर मंडी बोनेर और पनेठी के बीच में 3 बीघा और क्वार्सी मंडलायुक्त कार्यालय के पास 25 बीघा जमीन चिन्हित कर बस अड्डों का निर्माण किया जा रहा है।