क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के रेलवे रोड के प्रमुख व्यापारी गोपाल शरण गर्ग के चेक बाउंस से जुड़े मुकदमे में आखिरकार अंबाला के व्यापारी को हरियाणा पुलिस ने अलीगढ़ कोर्ट में पेश कर ही दिया। अदालत ने उसे गैरजमानती वारंटों के चलते जेल भेज दिया है।
घटनाक्रम के अनुसार रेलवे रोड के व्यापारी गोपाल शरण गर्ग का पूर्व में होटल था। कालांतर में होटल बंद होने पर उन्होंने वर्ष 2008 में होटल का फर्नीचर व्यापारी सुधीर अरोरा मैसर्स रवि फ्रोस्ट कांग्रेस भवन के सामने अंबाला कैंट आवास मकान नंबर 6344 निकेलसन रोड पंजाबी मोहल्ला अंबाला कैंट हरियाणा को कई लाख रुपये में बेचा, जिसके ऐवज में सुधीर ने उन्हें चेक दिए।
जो बाद में बाउंस हो गए। इस पर उसके खिलाफ एसीजेएम-9 के न्यायालय में वाद दायर किया गया। लगातार तलबी आदेश के बाद भी वह हाजिर नहीं हो रहा था। इस पर अदालत ने गैरजमानती वारंट जारी किए। इस पर भी हाजिर न होने पर पिछली तारीख पर उसके खिलाफ एडीजीपी अंबाला कैंट को अदालत ने पत्र लिखकर कहा कि उसके हाजिर न हो पाने के कारण मुकदमा लंबित पड़ा है।
अत: उसकी कोर्ट में पेशी सुनिश्चत कराएं। इस पर हरियाणा पुलिस हरकत में आई और आरोपी को वहां से लाकर बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया, जिसे जेल भेज दिया गया है।