न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
डॉ. बीआर अंबेडकर आगरा विश्वविद्यालय को पराजित कर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने त्रिकोणीय क्रिकेट सीरीज में जीत से शुरूआत की है।
एएमयू गेम्स कमेटी के तत्वावधान में सर सैयद अहमद खान के 200 वीं जयंती पर त्रिकोणीय क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन किया गया है। एएमयू क्रिकेट पवेलियन पर पहला मैच आगरा विश्वविद्यालय एवं मेजबान एएमयू के बीच खेला गया। इसमें इलाहाबाद की टीम भी प्रतिभाग कर रही है।
मंगलवार को आगरा विश्वविद्यालय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। आगरा विश्वविद्यालय की टीम 27 ओवर में 106 रन बनाकर आउट हो गई।
कप्तान विनीत ने पांच चौकों की सहायता से 34 रन एवं विपिन ने एक छक्के एवं चार चौके की मदद से 25 रन बनाए। एएमयू की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए अजहर ने तीन विकेट लिए। रफी, सौरभ एवं तहमीना ने दो-दो विकेट लिए।
एएमयू की ओर से बल्लेबाजी करते हुए हम्माद एवं सचिन की जोड़ी ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 21 ओवर में 108 रन बनाकर नौ विकेट से आगरा विश्वविद्यालय को हराकर पहला मैच जीत लिया।
हम्माद ने सात चौके एवं सचिन शर्मा ने पांच चौके लगाए। अतिथियों का स्वागत क्रिकेट कोच फैसल शेरवानी द्वारा किया गया। अंपायरिंग पूर्व रणजी खिलाड़ी असलम अली एवं मोहम्मद इरफान द्वारा की गई। इस अवसर पर खुशरू मारूफ , मोहम्मद गुफरान, अरशद महमूद, अनीसुर्रहमान, मजहर उल कमर आदि मौजूद थे।