कांग्रेसियों ने अमित शाह व जेटली का पुतला फूंका
न्यूज डेस्क, अमर उजला, अलीगढ़।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा दिए गए बयान ‘भीख मांगने से अच्छा है युवा पकौड़ी बेचे’ पर युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मेरिस रोड चौराहे पर विरोध करते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का पुतला फूंका। प्रधानमंत्री मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अविनाश शर्मा एवं महानगर अध्यक्ष आनंद बघेल ने कहा कि आखिरी चुनावी बजट में वित्तमंत्री अरुण जेटली ने युवाओं के लिये कुछ भी नहीं दिया और अब पढ़े, लिखे लोगों को पकोड़े बेचने की सलाह देकर उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भाजपा का युवा विरोधी चेहरा दिखा दिया है।
अपने चार साल के कार्यकाल में बेरोजगारी बढ़ाने वाली नीति पर चलने वाले यह लोग सिर्फ बातें ही बना सकते हैं। इस मौके पर गजेंद्र पचौरी, प्रभात गुंजेल, ओमप्रकाश शर्मा, कपिल सिंघल, सर्मिस्टर राणा, नीरज सूर्यवंशी, सोनू गौतम, सनी प्रजापति, पुष्पेंद्र चौधरी, ऋषिपाल सिंह, सतीश शर्मा, उमेश लोधी आदि उपस्थित थे।
मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन
विद्युत संविदा मजदूर संगठन के बैनरतले संविदा कर्मियों ने मंगलवार को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के नवागत मुख्य अभियंता से मुलाकात कर स्वागत किया और समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष रमेश पांडेय ने बताया कि मुख्य मांगों में नवंबर 2017 तक सभी संविदा कर्मियों का वेतन भुगतान, विद्युत वितरण खंडों में कार्यरत संविदाकर्मियों को वेतन भुगतान न होने की जांच कराकर कार्रवाई, तीनों डिवीजनों की ओर से काटे गए ईपीएफ को जमा न करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर की मांग शामिल है। इस मौके पर प्रताप सिंह, सतीश शर्मा, मंडल अध्यक्ष ओमपाल सिंह, जोन अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।