141 छात्र-छात्राओं ने दी आईएएस कोचिंग में प्रवेश के लिए परीक्षा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
अनुसूचित जाति के होनहार विद्यार्थियों को आईएएस एवं पीसीएस कोचिंग दिलाने के लिए प्रदेश में छह समाज कल्याण विभाग के स्कूलों में संयुक्त प्रवेश परीक्षा मंगलवार को संपन्न हुई। अलीगढ़ में मुकुंदपुर आईएएस-पीसीएस कोचिंग सेंटर पर हुई परीक्षा में 243 में से 141 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
अनुसूचित जाति के मेधावी विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेज परीक्षाओं की तैयारियां निशुल्क कराने के लिए प्रदेश में समाज कल्याण विभाग ने छह कोचिंग सेंटर खोले हुए हैं। इनमें अलीगढ़ का मुकुंदपुर में बना कोचिंग सेंटर भी शामिल है। इन सभी सेंटरों में प्रवेश के लिए मंगलवार को पूरे प्रदेश की संयुक्त प्रवेश परीक्षा हुई। इसमें प्रदेश भर के अनुसूचित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
अलीगढ़ सेंटर से कोचिंग के लिए कुल 243 परीक्षार्थियों ने प्रवेश का फार्म भरा था। इनमें से 141 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठे। जिला समाज कल्याण अधिकारी नगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि इस परीक्षा का परिणाम दिसंबर माह के आखिरी सप्ताह में आ जाएगा। इसके बाद मेरिट के आधार पर 100 विद्यार्थियों का कोचिंग के लिए सिलेक्शन कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई है।