शिक्षिकाओं को लूटने वालों की गिरफ्तारी को सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
स्वर्ण जयंती कॉलोनी में शनिवार की सुबह शिक्षिकाओं से ओम अपार्टमेंट के पास लूट के मामले में पुलिस ने रास्ते के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी तक पुलिस को लूट से संबंधित कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
स्वर्ण जयंती कॉलोनी के ओम अपार्टमेंट निवासी वर्षा और रूचि विजडम पब्लिक स्कूल जूनियर विंग में शिक्षिका हैं। शनिवार सुबह आठ बजे के करीब वह स्वर्ण जयंती मैन गेट के पास स्कूल की बस का इंतजार कर रही थी। तभी बाइक सवार तीन बदमाश आए और उनसे तमंचा दिखाकर दो मोबाइल, सात सौ रुपये समेत अन्य सामान लूट ले गए।
रुचि के विरोध करने पर एक बदमाश जमीन पर गिर गया। बावजूद इसके वह उससे दो सोने की अंगूठी गले की जंजीर लूटकर ले गए। लूट के बाद काफी देर तक दोनों शिक्षिकाएं सहमी खड़ी रहीं। इतना ही नहीं अपने बच्चों को स्कूल की बस तक छोड़ने के लिए आए अभिभावक भी चुपचाप सब देखते रहे।
कुछ देर बाद सूचना मिलने पर यूपी 100 की पीआरवी मौके पर पहुंची और दोनों शिक्षिकाओं को क्वार्सी थाने ले आई। यहां तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। क्वार्सी थाने के प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ितों के घर से वारदात स्थल के साथ अन्य जगहों के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों की पहचान कर वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।