भाभी जी घर पर हैं के राइटर मनोज संतोषी का नया कामेडी सीरियल जनवरी में
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
घर घर में लोकप्रिय भाबीजी घर पर हैं, फेम सीरियल के लेखक मनोज संतोषी जनवरी में एक और हार्डकोर कामेडी सीरियल लेकर आ रहे हैं। दिल्ली की चांदनी चौक की गलियों के इर्द गिर्द के माहौल के तानेबाने पर आधारित इस सीरियल में भाबीजी फेम दारोगा हप्पू सिंह नाई की अनूठी भूमिका में होंगे। वहीं सीरियल का मुख्य आकर्षण इसमें प्रयोग होने वाली ब्रजभाषा होगी।
सराय मान सिंह स्थित माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के संरक्षक संजय माहेश्वरी के आवास पर प्रेस से रूबरू होते हुए मूल रूप से अलीगढ़ के रामघाट रोड निवासी राइटर मनोज संतोषी ने हालांकि सीरियल के नाम का खुलासा नहीं किया, लेकिन यह जरूर बताया कि यह सीरियल दिसंबर में आन फ्लोर आ जाएगा।
जनवरी के पहले सप्ताह में सब टीवी पर प्रदर्शित होने लगेगा। सीरियल के ताने बाने पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि यह सीरियल चांदनी चौक की लहंगे साड़ी की दुकानों पर होने वाली बारगेनिंग, वहां की दिनचर्या, कचौड़ी, समोसे, छोले भठूरे व पान की दुकानों पर होने वाली चकल्लस, मीठी नोंकझोंक पर आधारित है।
मुख्य किरदार की साड़ी व लहंगे की दुकान है। उसकी पत्नी भी अलीगढ़ की है। दुकान पर घटने वाला घटनाक्रम और उसकी इकलौती बेटी और मुख्य हीरोइन तथा हीरो की चटपटी रोमांटिक लव स्टोरी का तड़का है। वहीं सबसे खास करेक्टर है नाई का। जिसे सारे जहान की खबर रहती है।
यह किरदार निभा रहे हैं भाबीजी फेम सीरियल के दारोगा हप्पू सिंह। एक इंस्पेक्टर है जो पूरा गृहस्थ महिला की तरह चलाता है। कभी थाने में स्वेटर बुनता है तो कभी रिपोर्ट लिखने से पहले सब्जी भाजी काटता है। उन्होंने बताया कि सीरियल के 20 एपीसोड लिखे जा चुके हैं।
अलीगढ़ के युवाओं के लिए मौका
राइटर मनोज संतोषी ने बताया कि इस सीरियल में ब्रजभाषा का पुट है। इस वजह से हम इसमें अलीगढ़ के ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मौका देने के इच्छुक हैं। 25 साल तक के युवा लड़के तथा 22 साल तक की लड़कियां इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वह एक सीडी में अपना इंट्रोडक्शन, कांटेक्ट नंबर, एक चटपटी थीम पर एक्ट अपलोड कर माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के कार्यालय में चार नवंबर तक भेज सकते हैं। एक्ट पसंद आने पर उनका मुंबई में ऑडिशन होगा। इसके बाद कैंडीडेट को शार्ट लिस्ट कर लुक टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। वहां से सलेक्ट होने के बाद काम का मौका मिलेगा। कोई सोर्स सिफारिश नहीं चलेगी।
जल्द ही आ रही फिल्म
राइटर संतोषी ने बताया कि जल्द ही अलीगढ़ की शादियों पर बेस्ड उनकी फीचर फिल्म भी आने वाली है। यह फिल्म बरात चढ़ने के दौरान होने वाले घटनाक्रम पर बेस्ड है। इसमें सराय मान सिंह चौक का एरिया भी फिल्माया जाएगा।