बच्चों ने खाई कसम, शहर को साफ रखेंगे हम
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
अमर उजला और माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब द्वारा स्वच्छता जागरूकता अभियान मंगलवार को नीहार मीरा नेशनल सेकेंडरी स्कूल पहुंचा। यहां पर नगर निगम के संयुक्त नगर आयुक्त शिवपूजन यादव और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बच्चों को स्रोत पर ही कूड़े के निस्तारण करने, गीला कूड़ा और सूखा कूड़ा अलग अलग इकट्ठा करने और इनके निस्तारण के संबंध में बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजीव सिन्हा, कर अधीक्षक राजेश गुप्ता, प्रिंसिपल कल्पलता चंद्रहास, प्रो. बुद्धसेन नीहार ने दीप प्रज्वलित करके किया। संयुक्त नगर आयुक्त शिव पूजन यादव ने कहा कि वातावरण में कूड़े की समस्या लगातार बढ़ रही है। बड़े शहरों के साथ ही अब छोटे शहरों में भी कूड़े के निस्तारण की समस्या बढ़ गई है।
इसके लिए जरूरी है कि स्रोत पर ही कूड़े का निस्तारण कर दिया जाए। अगर गीले कूड़े को हरे कूड़ेदान में इकट्ठा कर लिया जाए तो वह बायोडिग्रेडेबल है। उसका कंपोस्ट खाद बन जाता है, जिसे पेड़ पौधों में इस्तेमाल कर लिया जाता है। नीले कूडे़दान में प्लास्टिक, कांच, कागज आदि कूड़ा इकट्ठा कर लिया जाता है, जो कि रिसाइकल हो जाता है। इस तरह वातावरण में कूड़े की 40 फीसदी मात्रा को कम किया जा सकता है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की नहीं बल्कि लोगों की भी जिम्मेदारी है। बिना जनभागीदारी के लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया जा सकता है। कार्यक्रम में बच्चों को स्वच्छता की शपथ भी दिलायी गई।
इस अवसर पर माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के राजीव माहेश्वरी, मनीष मोहता, रीतेश भूतड़ा, कमल माहेश्वरी, दीपक माहेश्वरी, प्रवीन माहेश्वरी, चंद्रकांता शर्मा, आकाश नीहार, रीता शर्मा, सुधीर कुमार सिंह, धीरज गौतम, रेनू सिंह, एके राघव, हेमंत, अजय कुमार, मंसूर अहमद, मेघना आदि मौजूद थे।
प्रो. नीहार की पुस्तकें नोबेल लाइब्रेरी में
कार्यक्रम में कवि और साहित्यकार प्रो.बुद्धसेन नीहार भी मौजूद थे। प्रो. नीहार की किताबें नोबेल लाइब्रेरी में रखी हुई हैं। यूरोपीय देशों में प्रो. नीहार का अच्छा पाठक वर्ग है।
आज अभियान बस स्टैंडों पर
अलीगढ़।. स्वच्छता ही सेवा अभियान मंगलवार को सेंटर प्वाइंट पर पहुंचा। बुधवार को गांधी पार्क और मसूदाबाद बस स्टैंड पर अभियान चलाया जाएगा।