प्वाइंट पर नहीं थी लैपर्ड, सिपाही निलंबित
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़। धनीपुर मंडी गेट पर हुई 34.50 लाख की कैश वैन लूटकांड व सिक्योरिटी गार्ड की हत्या की घटना के प्वाइंट पर लैपर्ड होनी चाहिए थी, मगर वारदात के दिन वह आसपास नहीं थी। यह लापरवाही पुलिस जांच में उजागर हुई है। इस आधार पर लैपर्ड सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, इस मामले में 28 लाख की रकम का राग अलाप रहे सीएमएस स्टाफ की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बता दें कि 17 जुलाई को हुई घटना में पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठा था। इस पर एसएसपी ने जांच के आदेश दिए थे। इस मामले में जांच में पाया गया कि इलाके की आवंटित लैपर्ड नंबर 55 के रूट चार्ज के अनुसार इस लैपर्ड को घटना के दिन 2 बजे से 3 बजे तक वैष्णोधाम गेट और 3 बजे से 4 बजे तक धनीपुर मंडी गेट पर होना चाहिए था।
दोनों प्वाइंट वारदात स्थल के आसपास हैं। मगर यह निर्धारित स्थल के बजाय कमालपुर कुंवर नगर कॉलोनी में थी। इस पर एसएसपी ने लैपर्ड इंचार्ज सिपाही रमेश चंद्र को निलंबित कर दिया है। इधर, 28 लाख की रकम को लेकर पुलिस को अभी तहरीर का इंतजार है। मगर सीएमएस की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। वहीं पुलिस विवेचक इस मामले में अपने स्तर से पड़ताल में जुटे हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।