एडीए में गूंजता रहा ‘वीसी हाय हाय’ का नारा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण का प्रांगण बुधवार को उपाध्यक्ष (वीसी) निशा गोयल के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी से गूंजता रहा। ‘वीसी हाय हाय’ के नारे लगते रहे। ठेकेदार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष ठा. नरेशपाल सिंह की अध्यक्षता में ठेेकेदारों ने सुबह ही तंबू तान दिया था। इसके बाद लगातार भाषण होते रहे और नारेबाजी चलती रही।
ठेकेदारों का कहना था कि वर्ष 2009-10 के प्रकरण अब तक विभाग में लंबित हैं, जिनमें भुगतान नहीं हुआ है। स्वर्ण जयंती विस्तार योजना और अवस्थापना मद में हुए कार्यों के भुगतान नहीं किए गए हैं। किसी भी पत्रावली में ये उल्लेख नहीं किया गया है कि आखिर किस कमी के चलते भुगतान रोके जा रहे हैं। यहां सर्वसम्मति से फैसला हुआ कि तब तक कोई भी विकास कार्य नहीं किया जाएगा, जब तक पुराने मामलों का पटाक्षेप नहीं कर दिया जाता। अगर आमरण अनशन की जरूरत हुई तो वो भी किया जाएगा। धरने में मनोज सिंह, सतेंद्रपाल शर्मा, सतेंद्र चौधरी, मनोज, सुरेंद्र पाल शर्मा, ओमपाल यादव, संतोष चौधरी, भूपेंद्र, गौरव गुप्ता, अंकित, नवीन चौधरी, अंकुश, श्रीपाल यादव आदि मौजूद रहे।
इधर, वीसी निशा गोयल ने कहा है कि उन्होंने सभी प्रकरणों से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा को भेज दी है। अब जो भी निर्देश मिलेगा, उसी के अनुसार काम होगा। गौर हो कि एडीए में गुजरे एक महीने से ठेकेदारों का असंतोष सतह पर आ गया है। ये धरना प्रदर्शन भी पूर्व घोषित था। इस धरने को राजकीय ठेकेदार वेलफेयर एसोसिएशन ने भी समर्थन दिया है। यही नहीं ठेकेदारों ने इस पूरे प्रकरण को लेकर सीएम के जन शिकायत पोर्टल और नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव को फैक्स कर दिया है।