जनपद में कोरोना का कहर जारी है। 308 संक्रमित पाए गए हैं जबकि 201 लोग स्वस्थ हुए हैं। शहर के विभिन्न अस्पतालों में 11 मरीजों की मौत हो गई है। पं. दीनदयाल अस्पताल में सासनी निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति, गांधीपार्क थाना क्षेत्र की 40 वर्षीय महिला एवं 55 वर्षीय व्यक्ति एवं सासनीगेट की 50 वर्षीय महिला की मौत हुई है। इसके अतिरिक्त, इसी अस्पताल में 4 अन्य लोगों की मौत हुई है।
दो की मौत निजी अस्पताल में हुई है। वहीं, जेएन मेडिकल कॉलेज में एक पत्रकार की मौत हुई है। चार दिन से अस्पताल में उपचार चल रहा था। जेएन मेडिकल कॉलेज, पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, प्राइवेट लैब एवं एंटीजन टेस्ट में 308 लोग संक्रमित पाए गए हैं। राहत की बात यह है कि 201 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं।
दीनदयाल की व्यवस्था संभालने में मदद करेंगे डॉ. अंकित
सीएचसी जवां के प्रभारी डॉ. अंकित को पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय की व्यवस्था संभालने में सहयोग के लिए भेजा गया है। जिलाधिकारी ने सीएमएस को 20 वार्ड ब्वाय एवं 20 सफाईकर्मी को तैनात करने की अनुमति दे दी है। दूसरे अस्पतालों के कुछ स्वास्थ्यकर्मियों को भी पं. दीनदयाल अस्पताल में अलग-अलग कार्यों के लिए तैनात किया गया है।