न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने ब्लाक गंगीरी की तीन आंगनबाड़ी एवं दो सहायिकाओं की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। सभी पर बगैर सूचना लगातार अनुपस्थित रहने का आरोप है। उन्होंने डीएम की संस्तुति के बाद सभी की बर्खास्तगी पर मोहर लगा दी है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रेयस कुमार ने बताया कि ब्लाक गंगीरी के ग्राम मंगूपुर की आंगनबाड़ी गुडियारानी, ग्राम रहमापुर आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात सुमन तथा ग्राम सतरापुर की आंगनबाड़ी शीला देवी की सेवाएं समाप्त की गई हैं।
इनके अलावा ग्राम पिपलोई की सहायिका रबिया बेगम एवं ग्राम सुनहरा केंद्र की ऊषा देवी की सेवाएं समाप्त की गई हैं। इन सभी पर बगैर सूचना लगातार अनुपस्थित रहने का आरोप है।
इनके अनुपस्थित रहने से केंद्रों के संचालन में बाधा आ रही थी और वहां आने वाले लाभार्थी बच्चे और गर्भवती महिलाओं को पर्याप्त सेवाएं नहीं मिल पा रही थीं।
उन्होंने बताया कि डीएम ने अनुपस्थित रहने एवं कार्यों में लापरवाही करने वाली आंगनबाड़ी एवं सहायिकाओं को चिह्नित कर उनकी भी सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए हैं।