क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के बन्नादेवी इलाके में रात को 50 हजार लूट के बाद रविवार सुबह भी 12 हजार रुपये लूट की सूचना पुलिस को दी गई। दोनों प्रकरणों की जांच में पुलिस ने आपसी विवाद पाया। इस पर पुलिस ने छह लोगों को जेल भेजकर दो को शांति भंग में पाबंद किया है।
पहला वाकया 50 हजार नकदी लूटने शनिवार देर रात का है। सरसौल स्थित शिवाजी स्कूल वाली गली निवासी सोनू पुत्र वीरपाल ने अपने भाई टिंकू को गवाह बनाकर ये सूचना दी थी। आरोप था कि चार लोगों ने सरसौल पर रोककर उनसे मारपीट की और नकदी का थैला लूट ले गए।
पुलिस ने जांच की तो मारपीट की पुष्टि तो हुई, मगर यह भी पता लगा कि मारपीट के बाद सोनू घर चला गया और काफी देर बाद घर से लूट की सूचना दी। मारपीट में आरोपी राजकुमार, राहुल, विवेक और कौशल शर्मा थे। राजकुमार अपनी दुकान चलाता है। सोनू पर राजकुमार का दुकान संबंधी लेनदेन था।
इसी बात पर सोनू से मारपीट हुई। इस मामले में फर्जी सूचना देने व मारपीट के आरोप में पुलिस ने इन्हें जेल भेज दिया है।
दूसरा वाकया रविवार सुबह का है। क्वार्सी की गली नंबर 1 निवासी संजय पुत्र बनवारी ने पुलिस को मारपीट कर 12 हजार लूट ले जाने की सूचना दी। जांच में पता लगा कि बन्नादेवी के किशोर नगर निवासी मोहित पुत्र नरेंद्र के कारखाने में संजय पहले कभी काम करता था।
तभी से संजय पर मोहित के 12 हजार रुपये थे। इसी के चलते रविवार को संजय से विवाद हुआ। पुलिस ने दोनों को शान्तिभंग में पाबंद कर दिया है। इंस्पेक्टर बन्नादेवी के अनुसार विवाद का दुरुपयोग करने पर यह कार्रवाई की गई है।