‘सदमा’ लगा: नीरज ...
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
हिंदी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन से शहर के सिनेप्रेमियों को गहरा दु:ख हुआ। सुबह से लेकर रात उनके निधन की चर्चा होती रही। बाजार से घर तक और चैनलों से लेकर सिनेमा हॉल तक हर जगह श्रीदेवी ही छायी रहीं। उनकी हालिया रिलीज फिल्म ‘मॉम’ और ‘इंग्लिश- विंग्लिश’ की यादें अभी तक लोगों के जेहन में ताजा हैं।
फिल्म जगत से जुड़े रहे मशहूर गीतकार पद्मभूषण गोपालदास नीरज ने कहा कि उन्होंने श्रीदेवी के साथ किसी फिल्म में काम तो नहीं किया लेकिन उनकी कई फिल्में देखीं हैं। वह बेहद खूबसूरत और शानदार अदाकारा थीं।
उनकी फिल्में सदमा, कर्मा, चालबाज, नगीना, निगाहें, चांदनी, लम्हें और खुदा गवाह में उन्होंने कभी न भूलने वाली अदाकारी की छाप छोड़ी। डबल रोल वाली फिल्मों में श्रीदेवी बेजोड़ रहीं। फिल्म चालबाज में सगी बहनें बन कर तो फिल्म खुदागवाह में उन्होंने मां-बेटी के किरदार में जान डाल दी थी। नृत्य कौशल और चेहरे की भाव भंगिमा से वह हमेशा याद की जाएंगी। उनकी फिल्मों के गीत भी यादगार हैं।
इधर, श्रीदेवी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल ने कहा है कि उन्होंने हिंदी सिनेमा जगत में काफ ी ख्याति अर्जित की थी। अपने यादगार अभिनय से नगीना, चांदनी जैसी अनेकों सुपरहिट फ़ि ल्में देकर हिंदी फि ल्म जगत में तहलका मचा दिया था। उनके निधन से हिंदी फिल्म जगत की अपूर्णीय क्षति हुई है। उनके अभिनय के लिये श्रीदेवी को सदैव याद किया जाएगा।