न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
पिछले दिनों गांधी पार्क के नौरंगाबाद में डोरी नगर पोखर के पास मिली अज्ञात बच्ची अनमोल जिसे बाद में मोहन लाल गौतम जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, शनिवार को आगरा के राजकीय बाल गृह के लिए रवाना हो गई। उसकी विदाई के वक्त अस्पताल के स्टाफ और नर्सों के आंसू फूट पड़े, लेकिन सरकारी औपचारिकताओं के आगे भावनाओं पर नियंत्रण करना पड़ा।
पिछले हफ्ते जब अज्ञात बच्ची को महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया तो उसे आईसीएनसीयू में रखा गया। यह बच्चों की सघन केयर यूनिट होती है। बच्ची की मासूमियत को देखते हुए फार्म पर लिखे अननोन नाम से ही अस्पताल स्टाफ ने उसका नाम अनमोल भी रख दिया।
अस्पताल का स्टाफ नर्सें आदि उसके लिए गर्म कपड़े, मोजे, टोपी, मफलर आदि भी लेकर आयीं। कुल मिलाकर अस्पताल स्टाफ की लगन और मेहनत से बच्ची बहुत अच्छी हालत में आ गई। लेकिन तय समय के बाद बच्ची को यहां से जाना ही था।
बच्ची को राजकीय बाल गृह शाहगंज आगरा के लिए रवाना किया गया। जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. गीता प्रधान कहती हैं कि बाल गृह में बच्ची को 60 दिन रखा जाएगा और देखा जाएगा कि कोई क्लेम करने आता है या नहीं।
अगर कोई क्लेम करने नहीं आता है तो उसके बाद फिर भारत सरकार की तारा वेबसाइट के माध्यम से एडोप्शन यानी गोद देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिसमें आर्थिक स्थिति से लेकर अन्य सभी महत्वपूर्ण पक्ष देखे जाएंगे।