सराय बैरागी में मामूली बात पर पथराव, कई घायल
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
रेलवे रोड के मोहल्ला सराय बैरागी में मामूली बात पर दो अलग-अलग समुदाय के पक्षों में टकराव हो गया। मामला तूल पकड़ गया और पथराव शुरू हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पथराव में कुछ लोगों को चोटें आई हैं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया है।
गांधी पार्क पुलिस के मुताबिक मोहल्ला सराय बैरागी में गुरुवार की रात को कुछ लोग गली के नुक्कड़ पर ही शराब का सेवन कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोग गली से गुजरे तो शराब पी रहे लोगों ने अभद्र टिप्पणी कर दी। इस पर वहां पर विवाद शुरू हो गया।
जो पक्ष गुजर रहा था, उसने घर पहुंच कर इस बात की जानकारी अन्य लोगों को दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से लोग इकट्ठा हो गए। इसी बीच बात बढ़ी तो पथराव शुरू हो गया।
पथराव की सूचना पुलिस को दी गई तो मौके पर पुलिस पहुंची और पथराव कर रहे लोगों को तितर-बितर किया। जिन लोगों को चोटें आई हैं उनको जिला अस्पताल में मरहम पट्टी करवा कर छुट्टी दे दी गई।