40 लाख की बैटरियों से भरा ट्रक लूटा
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
महानगर के सारसौल इलाके में एलमपुर गढ़िया मोड़ से दीपावली की रात 40 लाख रुपये कीमत की 450 बैटरियों और यूपीएस से भरा ट्रक लूट लिया गया। इस दौरान बंधक बनाए गए क्लीनर को बदमाश ऐलाना के पास फेंक गए। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इगलास के गोरई क्षेत्र के गांव जटवार से माल बरामद कर लिया, लेकिन ट्रक बरामद नहीं हो सका। वहीं जब गिनती की गई, तो 51 बैटरियां कम पाई गईं। पुलिस इस वारदात के पीछे पुराने ड्राइवर का हाथ होने का अंदेशा जता रही है। बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
विक्रम कॉलोनी निवासी विपुल अहलूवालिया का सारसौल इलाके में ट्रांसपोर्ट का काम है। उनका ट्रक चेन्नई से एक नामचीन कंपनी की बैटरियां व यूपीएस लेकर चला और 17 अक्तूबर को मेरठ पहुंच गया। मेरठ में जिस शोरूम पर माल उतरना था, उसके संचालक ने ट्रक ड्राइवर से कहा कि अब तो दीपावली की वजह से लेबर नहीं है। इसलिए वह दीपावली बाद ही माल उतरवा पाएंगे। इतना सुनकर ड्राइवर यह सोचकर ट्रक माल सहित वापस अलीगढ़ ले आया कि वह अपने घर दीपावली मनाएगा। इसके बाद वह अलीगढ़ आया। ट्रक में कुछ काम होना था। इसलिए उसने ऐलमपुर मोड़ के बाहर वर्कशॉप के सामने ट्रक खड़ा कर दिया। ट्रक पर क्लीनर लीला सोया हुआ था। छोटी दीपावली की रात तीन बदमाश आए और क्लीनर को बंधक बनाकर ट्रक लूट ले गए। इसके बाद क्लीनर को ऐलाना मीट फैक्ट्री के पास फेंककर चले गए। क्लीनर ने ड्राइवर व ट्रांसपोर्टर को पूरा वाकया बताया।
सारसौल चौकी पुलिस को पूरी सूचना दी गई। पुलिस ने चोरी का मुकदमा बन्नादेवी में दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच मुखबिर से इगलास पुलिस को खबर मिली कि लूटा गया ट्रक व बैटरियां गोरई क्षेत्र के गांव जटवार में हैं। इगलास पुलिस हरकत में आई और शनिवार रात एक घर में दबिश देकर बैटरियां व यूपीएस आदि बरामद कर लिया। यहां गिनती में 51 बैटरियां कम मिलीं। जबकि ट्रक बरामद नहीं हो पाया। पूरा माल थाना बन्नादेवी लाया गया।
इंस्पेक्टर बन्नादेवी जितेंद्र दीक्षित का कहना था कि बदमाशों और ट्रक की तलाश जारी है। जांच में पता चला है कि जब बदमाश ट्रक ले गए तो उससे कुछ घंटे पहले ट्रक का पुराना ड्राइवर वहां आया था, जिसे मालिक ने नौकरी से निकाल दिया था। उसने भी वहां शराब के नशे में गालीगलौज की थी। इसलिए उस पर भी संदेह है। उधर, व्यापारी नेता शमन माहेश्वरी और योगेंद्र सिंह सांवल ने माल बरामद करने पर पुलिस को बधाई दी है।
इगलास पुलिस ने छोड़ दिए दो लोग
इधर, खबर है कि जिस घर से दबिश देकर इगलास पुलिस ने माल बरामद किया, उस घर के दो स्वामी मौके पर मिल गए थे। उन्हें पूछताछ के लिए इगलास की गोरई चौकी और बाद में थाने लाया गया। मगर पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, जबकि उनके घर में लूट का माल बरामद होना बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।