अशफाक उल्ला खां ने दिया था हिंदू-मुस्लिम एकता का पैगाम
ब्यूरो, अमर उजाला अलीगढ़।
विभिन्न संगठनों ने महान क्रांतिकारी अशफाक उल्ला खां की जयंती मनाई और देश की आजादी में उनके योगदान व बलिदान को याद किया।
नौजवान महासभा के तत्वावधान में जीवनगढ़ पर विचार गोष्ठी हुई। मुख्य अतिथि महासभा के राष्ट्रीय संयोजक मुनीश कुमार ने कहा कि अशफाक उल्ला खां के लिए जाति और धर्म से बढ़कर देश था। लेकिन आजाद भारत में लोगों के दिलोदिमाग पर कट्टरपंथी मजहबी विचारधारा इस कदर हावी हो गई कि जनता ही नहीं, बल्कि उनके अपने मजहब के लोग भी उन्हें भुला बैठे। अशफाक उल्ला खां का बलिदान इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि आजादी की लड़ाई किसी एक जाति, वर्ग या मजहब के दम पर नहीं लड़ी गई थी। इस लड़ाई में सभी जाति समुदायों का समान योगदान था। गोष्ठी में अमित सविता, लालसिंह, वसीम अहमद ने विचार व्यक्त किए।
रामघाट रोड स्थित यूथ कांग्रेस के कार्यालय पर कुंवर गौरांग देव चौहान के नेतृत्व में अशफाक उल्ला खां की जयंती मनाई गई। चौहान ने कहा कि अशफाक उल्ला खां ने युवाओं में देश के प्रति जोश भरा था और हिंदू-मुस्लिम एकता का पैगाम दिया था। कार्यक्रम में रजत शर्मा, आकाश शर्मा, सगीर कुरैशी, हिमांशु माथुर, योगेश राजपूत, राहुल चौहान, आशीष अरोरा, अली खान, सुनील चौधरी, शाकिब खान आदि मौजूद थे।