शिक्षा राज्यमंत्री के गांव की बच्ची की मौत पर हंगामा
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
अतरौली नगर के राठी चौराहा स्थित एक झोलाछाप के इलाज से शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के गांव मढ़ौली की एक बच्ची की मौत हो गई। इससे परिजन गुस्से में आ गए। परिजनों की झोलाछाप से कहासुनी की बात मारपीट हो गई। पीड़ित पक्ष ने सीएचसी अधीक्षक से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
गांव मढ़ौली के सतीश कुमार की बेटी दीक्षा (5) को दो दिन पहले बुखार आया था। शुक्रवार को बच्ची को परिजन झोलाछाप के पास ले गए। आरोप है कि उसने बच्ची को गलत इंजेक्शन लगा दिया जिससे मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप से बच्ची की मौत की जानकारी करनी चाही तो उसने परिजनों से ही अभद्रता करते हुए भाग जाने के लिए कह दिया।
इस पर परिजन आक्रोशित हो गए और उनकी झोलाछाप से हाथापाई हो गई। बाद में लोग शव लेकर घर आ गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुलदीप राजपुरी का कहना है कि बच्ची मौत के मामले में शिकायत मिल गई है। पोलियो की व्यस्तता के चलते जांच पूरी नहीं हो पाई है। झोलाछाप से क्लीनिक संबंधी कागजात मांगे हैं जो वह नहीं दिखा सका। यदि उसके पास लाइसेंस से संबंधित कागजात नहीं मिलते तो कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
अतरौली में चल रहे कई फर्जी अस्पताल
अतरौली में प्रसव के दौरान कासिमपुर गदाईपुर की एक जच्चा बच्चे की निजी अस्पताल में मौत हो गई थी। परिजनों ने शिकायत की मगर जांच के नाम पर लीपापोती हो गई। इस बीच यह अस्पताल गायब हो गया, मगर जांच पूरी नहीं हुई। आजकल इस अस्पताल की जगह पर नाम बदल कर अस्पताल संचालित है। न्याय नहीं मिला तो हार थक कर पीड़ित पक्ष अपने घर बैठ गया।