स्क्रैप व्यापारी से लूटे 1.45 लाख
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के व्यस्तम पत्थर बाजार में मंगलवार को दिनदहाडे़ बैंक से पैसे निकालकर ले जा रहे स्क्रैप व्यापारी से बाइक बदमाश 1.45 लाख रुपये लूट ले गए। इस खबर पर हरकत में आई पुलिस ने पीड़ित से जानकारी कर बदमाशों की तलाश की।
देहली गेट क्षेत्र के सराय मियां निवासी चमन पुत्र शफीक स्क्रैप व्यवसायी हैं। मंगलवार शाम चार बजे करीब चमन रेलवे रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक से एक लाख पैंतालीस हजार रुपये निकाल कर थैले में रखकर पैदल अपने घर जा रहे थे। जैसे ही चमन पत्थर बाजार में पहुंचे तो पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने उनके हाथ में लग रहे रुपयों से भरे थैले को छीन लिया और फरार हो गए।
पीड़ित के शोर मचाने पर भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव, थाना देहलीगेट, बन्नादेवी ओर गांधीपार्क की फोर्स मौके पर पहुंच गई।
पीड़ित से बदमाशों के हुलिया के बारे में जानकारी कर महानगर में वाहन चेकिंग कराकर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश फरार होने में सफल रहे। सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के संबंध में बैंक के सीसीटीवी से बदमाशों को चिह्नित कर जल्द खुलासा किया जाएगा।