सब्जी मंडी पर लगा उपद्रवियों का होर्डिंग
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
ऊपरकोट पर उपद्रव के आरोपियों के फोटो युक्त होर्डिंग पुलिस ने लगाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने गुरुवार को सब्जी मंडी चौराहे पर एक होर्डिंग लगवाया।
इधर, आज जुमे की नमाज को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर रखे हैं। 11 अगस्त को ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद के पास जुमे की नमाज के बाद चंद शरारती तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
इसमें पुलिस समेत कई लोग जख्मी हो गए थे। इस मामले में कई आरोपी चिह्नित किए गए थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पिछले जुमे की नमाज तनाव-शांति के बीच पढ़ी गई। शुक्रवार को भी नमाज को लेकर पुलिस सतर्कता बरत रही है। सामान्य दिनों की अपेक्षा जुमे की नमाज के दौरान फोर्स ज्यादा तैनात रहेगा।
वहीं, सब्जी मंडी के पास पत्थरबाजी के आरोपियों की फोटो वाली होर्डिंग लगाई गई। यही नहीं ऊपरकोट में भी होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। उधर, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस के गिरफ्त में होंगे।