पेंशन लेने पहुंची महिला से बीस हजार ठगे
ब्यूरो, अमर उजाला, छर्रा (अलीगढ़)।
अपने पुत्र के साथ कस्बे में स्थित एसबीआई शाखा में पेंशन के रुपये निकालने आई महिला से ठग बीस हजार रुपये ले उड़ा। ठगी का शिकार होने पर महिला फूट-फूटकर रोती रही। बाद में रोते-बिलखते हुए अपने गांव लौट गई।
गांव हिमांचल नगला निवासी रामश्री पत्नी छोटे सिंह अपने पुत्र मनवीर के साथ कस्बे में भारतीय स्टेट बैंक से पेंशन के रुपये निकालने आई थीं। दोपहर करीब एक बजे बैंक से रुपये निकाले।
इसके बाद मनवीर बाल कटवाने के लिए एक दुकान पर चला गया और महिला बाजार में घर की जरूरत का सामान लेने लगी। कुछ देर बाद अलीगढ़-दादों मार्ग स्थित विद्या कांप्लेक्स के निकट एक युवक ने महिला के पैर छूटे हुए 20 हजार रुपये यह कहकर ले लिए कि मनवीर भैया ने खुले रुपये लेकर बड़े नोट देने को कहा है।
महिला ने उसकी बातों में आकर अपने पास मौजूद रुपये दे दिए। वह युवक रुपये लेकर चंपत हो गया। बाद में महिला और उसके बेटे ने काफी देर तक ठग युवक की तलाश की लेकिन वह हाथ नहीं आया।