20 घंटे ठप रही शहर की बिजली
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
बुधवार की बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई। बुधवार रात से लेकर गुरुवार दोपहर तक शहर के विभिन्न इलाकों में फाल्ट के चलते शहर के 70 फीसदी इलाकों में बिजली आपूर्ति 20 घंटे तक ठप रही।
जैसे-जैसे फाल्ट सही होते गए, आपूर्ति बहाल होती रही। कई स्थानों पर सप्लाई शुरू करने के प्रयास में करंट उतर आया। गनीमत रही कि करंट सेकोई अनहोनी नहीं हुई।
एडीए शाहजमाल में इशरत पब्लिक स्कूल के पास 250 केवी के ट्रांसफार्मर की एलटी लीड पानी में डूबने के कारण सप्लाई बंद कर दी गई। इससे इलाके में बिजली गुल रही। जब पानी कम हुआ तब सप्लाई सामान्य हुई। प्रतिभा कालोनी फीडर में 11 केवी की लाइन पर केबिल बक्सा फट गया, इससे आपूर्ति ठप हो गई।
बारहद्वारी पर भी 33 केवी की लाइन पर ब्रेक डाउन हो गया। बिजली घर की लाइन पर पेड़ टूट कर गिर गया था। सुपर कालोनी के भी 11 केवी के दो ट्रांसफार्मरों की सप्लाई बंद हो गई। इनकी एरियल बंच कंडक्टर भी कई जगह से डैमेज हुए। यही स्थिति शहर में अन्य बिजली घरों पर भी रही।
लगातार बारिश के कारण बुधवार रात 132 केवी फीडर पर अर्थ वायर डैमेज हो गया था, जिसके बाद इस फीडर से जुड़े 33 केवी के सभी सब स्टेशनों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस पर अधीक्षण अभियंता पारेषण एवं पावर कारपोरेशन के आला अधिकारियों को भी जानकारी दी गई।
नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता जेपी वर्मा ने बताया कि ब्रेकडाउन हुई लाइनों पर लगातार पेट्रोलिंग कर फाल्ट तलाशे गए। उन्हें सही कर सप्लाई सुचारू की गई।