अलीगढ़ से निकलेंगे गीता फोगाट व साक्षी मलिक सरीखे पहलवान
ब्यूरो, अमर उजाला, अलीगढ़।
दंगल फिल्म से जुबां पर चढ़ जाने वाली पहलवान गीता फोगाट और ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर हिंदुस्तानियों का दिल जीतने वाली पहलवान साक्षी मलिक सरीखे पहलवान अब अलीगढ़ से भी निकलेंगे।
स्पोर्ट्स अथारिटी ऑफ इंडिया ने कुश्ती और वेटलिफ्टिंग के सेंटर खोलने की सहमति दे दी है। इसी महीने दोनों सेंटर शुरू हो जाएंगे।
साई सेंटर के सिलसिले में आई सर्वे टीम ने क्रिश्चियन कॉलोनी जीटी रोड स्थित जिंदगी फिटनेस फॉर ऑल का मुआयना किया। टीम के सदस्यों ने साई सेंटर में खिलाड़ियों को जो सुविधाएं मिलती हैं, उन्हें देखा। सुखद ये रहा है कि सारी सुविधाएं कसौटी पर खरी उतरीं।
अत्याधुनिक उपकरण से लैस
जिंदगी फिटनेस सेंटर के मालिक डॉ. दिनेश गुप्ता के अनुसार सेंटर में अत्याधुनिक उपकरण हैं, जो खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद साबित होगा। मसलन, सोना बाथ, स्टीम बाथ, जकूजी।
इसमें सोना बाथ, जिसे इंटरनेशनल खिलाड़ी इस्तेमाल करते हैं। इसका तापमान घटाया और बढ़ाया जा सकता है। वेट ट्रेनिंग की अत्याधुनिक मशीन भी है, जो हर खेल के खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने में कारगर है।
जून में कुश्ती और वेटलिफ्टिंग का सेंटर खुल जाएगा। सर्वे में खेल सुविधाएं और खेल से जुड़ी चीजें बेहतर पाई गईं। गैर आवासीय सेंटर होगा। कुछ समय के बाद आवासीय सेंटर कर दिया जाएगा।
आशीष कर, सेंटर इंचार्ज, एसटीसी साई, सैफई, इटावा।