राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश) में खुले आसमान के नीचे मूत्र त्यागने पर दो व्यक्तियों से 100-100 रुपये जुर्माना के रूप में वसूले गये। नगर आयुक्त प्रेमरंजन सिंह ने शहरवासियों से नुमाइश को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग देने का आह्वान किया है।
नुमाइश परिसर में बुधवार को अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान वीआईपी कैंप के निकट कार पार्किंग स्थल पर नगर निगम द्वारा लगाए गए मोबाइल शौचालय एवं टॉयलेट का प्रयोग न कर दो लोग खुले में मूत्र त्याग कर रहे थे। यह देखकर अपर नगर आयुक्त बेहद नाराज हुए और जोनल सफाई अधिकारी महेंद्र सिंह को सुसंगत धाराओं में जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। खुले में मूत्र त्यागने, नुमाइश की शोभा बिगाड़ने एवं गंदगी करने के आरोप में दोनाें व्यक्तियों से 100-100 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। नगर आयुक्त प्रेमरंजन सिंह ने दुकानदारों एवं नागरिकों से नुमाइश में साफ-सफाई बनाए रखने एवं नुमाइश को पॉलिथीन मुक्त रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिव कुमार, धर्मवीर सिंह, शैलेंद्र गुप्ता, एहसान रब आदि मौजूद थे।