बन्नादेवी थानाक्षेत्र के सराय रहमान इलाके में स्थित भार्गव पेट्रोल पंप के स्वामी अनिल भार्गव को शनिवार देर रात करीब 12 बजे गोली मारकर बदमाश डेढ़ लाख की नगदी और स्कूटी लूट ले गए।
बदमाशों ने उनके घर के बाहर ही वारदात को अंजाम दिया। उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी और भार्गव पेट्रोल पंप के स्वामी अनिल भार्गव रात करीब 10 बजे पेट्रोल पंप पर पहुंचे। 11 बजे पंप बंद होने के बाद उन्होेंने दिनभर के 1.43 लाख रुपये कैश का हिसाब-किताब सेल्समैन से लिया।
इसके बाद कैश स्कूटी की डिग्गी में रख लिया। रात करीब 12 बजे वह कैश लेकर घर के लिए चले। प्रतिदिन की भांति उनका एक सेल्समैन स्कूटी पर साथ बैठा था।
घर के बाहर उन्होंने स्कूटी खड़ी की। तभी वहां पहले से धाक लगाए खड़े चार बदमाश उनसे स्कूटी छीनने की कोशिश करने लगे। इस दौरान धक्कामुक्की में एक बदमाश ने अनिल भार्गव को गोली मार दी।
गोली उनके सीधे हाथ में लगी। बदमाश स्कूटी लूटकर भाग गए। इस दौरान एक बदमाश का तमंचा भी वहां गिर गया। शोरशराबा सुनकर लोग इकट्ठे हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
आननफानन अनिल भार्गव को जिला अस्पताल लाया गया जहां से एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। एसओ बन्नादेवी अनुज कुमार के मुताबिक तहरीर मिल गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।