खेरागढ़। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को क्षेत्र की व्यस्ततम सड़कों पर चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनवाई गईं। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई।
एसीपी खेरागढ़ प्रीता दुबे ने बताया कि सीसी टीम ने लोकनिर्माण विभाग के सहयोग से सैंया मार्ग पर महुआखेडा मोड़, काली माता मंदिर, तहसील मुख्यालय के सामने, कागारौल रोड पर कस्बा चौराहा, सीएचसी के पास समाधि रोड एवं भिलावली मोड़ सहित दर्जनभर संवेदनशील स्थानों पर जेब्रा लाइन बनाई हैं। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए रंबल स्ट्रिप भी लगाई जाएंगी। खतरनाक मोड़, विद्यालय, अस्पताल आदि स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे।