कासगंज। कासगंज-छरा मार्ग पर बाइक सवार युवक को किसी ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
रहमतपुर माफी निवासी राजू (27) पुत्र मनीराम अपने दोस्त दीपक के साथ रविवार देरशाम कासगंज से अपने गांव जा रहा था। बाइक दीपक चला रहा था और राजू पीछे बैठा था। काली मंदिर के समीप किसी ने राजू को गोली मार दी। इस पर राजू ने दीपक को पीठ में कुछ लगने की बात बताई। इस पर दीपक ने बाइक रोककर देखा तो राजू की पीठ पर गोली लगी थी और खून बह रहा था। आनन-फानन में दीपक राजू को लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। यहां चिकित्सकाें ने प्राथमिक उपचार के बाद राजू को अलीगढ़ रेफर कर दिया। मामले की जानकारी पर परिजन भी पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी दिनेश दुबे ने बताया कि मामले की कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई हैं। घटना की जानकारी अस्पताल से उन्हें दी गईं। मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।