भोगांव। शोहदों को गांव में चक्कर लगाने से रोकना अनुसूचित जाति के दो युवकों को भारी पड़ गया। सोमवार रात अनुसूचित जाति के युवक पेट्रोल लेने जा रहे थे। वहां शोहदों ने उनको घेरकर हमला कर दिया। जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला पजईया निवासी दीपचंद्र कठेरिया ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वह दोस्त शिव कुमार कठेरिया के साथ बाइक से पेट्रोल लेने जा रहे थे। सोमनाथ तालाब के पास भोला यादव, अमित यादव निवासी गांव गोविंदेपुर, कुनाल जौहरी निवासी मोहल्ला जगत नगर ने उन्हें रोक लिया और गालियां देते हुए अपमानित किया। विरोध पर उन्हें और साथी को पीटकर घायल कर दिया। तीनों युवक उनके गांव में चक्कर काटते हैं। इसके चलते उनको रोका गया था। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।