अभद्रता का विरोध करने पर युवकों को पीटा
- सोने की चेन तोड़ी, शादी समारोह में हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। करहल चौराहे के पास स्थित एक मैरिज होम में बृहस्पतिवार की देर रात महिलाओं से अभद्रता का विरोध करने पर आरोपियों ने दो युवकों की पिटाई कर दी। गले में पड़ी सोने की चेन तोड़ ली गई। मैरिज होम में हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। शुक्रवार को घायलों का मेडिकल कराया गया।
थाना कुरावली क्षेत्र के मोहल्ला फर्दखाना निवासी मधू वर्मा बृहस्पतिवार को परिवार के अन्य लोगों के साथ करहल रोड स्थित एक मैरिज होम में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आईं थीं। देर रात कार्यक्रम में कुछ लोग महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगे। जब उन्होंने युवकों से ऐसा करने के लिए मना किया तो आरोपियों ने मधू के पुत्र पज्जवल और भतीजे हर्षित पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडे और तमंचे से पीटकर दोनों को घायल कर दिया। दोनों के सिर में गंभीर चोट लगी। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान गले से सोने की चेन तोड़ ली गई। देर रात सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। शुक्रवार को घायलों का मेडिकल कराया गया। परिजन ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।