मैनपुरी। सोमवार को शहर में ईशन नदी पुल पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने गया एक युवक नदी में डूब गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं लग सका। पुलिस की टीम युवक की तलाश में लगी है। परिजन भी नदी के आसपास खोजबीन कर रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के राजा मंडी निवासी अमर गुप्ता ने भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की थी। सोमवार की शाम सभी लोग बैंड-बाजे के साथ प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए ईशन नदी पुल पर गए थे। प्रतिमा विसर्जन के दौरान मोहल्ला सोतियाना निवासी कार्तिक कश्यप (22) नदी में डूबने लगा। कुछ लोगों ने बाहर निकलने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस में मौके पर पहुंच गई और युवक की तलाश शुरू कर दी।