बसई मार्ग पर ममता कुलकर्णी मार्ग का शुभारंभ करते विधायक प्रेमपाल धनगर।
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। देश के प्रथम महिला रेलवे स्टेशन की स्टेशन अधीक्षक बनी जनपद की बेटी के सम्मान में विधायक ने बेटी के गांव जाने वाले मार्ग उसके नाम पर रखा। इसके साथ ही मार्ग पर बोर्ड लगाकर मार्ग का शुभारंभ किया।
थाना टूंडला क्षेत्र के गांव बसई निवासी स्वर्गीय अविनाश कुमार शर्मा की चार बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी ममता कुलकर्णी ने महाराष्ट्र के माटुंगा महिला रेलवे स्टेशन की कमान संभाली थी। वह स्टेशन अधीक्षक के पद पर तैनात रही थी। बेटी को सम्मान देने के लिए रविवार को टूंडला से गांव को जाने वाले मार्ग का नाम ममता कुलकर्णी के नाम से रखा गया।
रविवार को विधायक प्रेमपाल धनगर व भाजपा जिला महामंत्री दीपक चौधरी ने नाम पट्टिका का शुभारंभ किया। विधायक ने कहा कि बेटियों को सम्मान देने के लिए सरकार हर संभव प्रयास कर रही हैं। अपने-अपने क्षेत्र में नाम रोशन करने वाली बेटियों को सम्मान देने का काम किया जा रहा है। अब तक बसई के नाम से जाना जाने वाला मार्ग अब ममता कुलकर्णी के नाम से जाना जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक का माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान अशोक सिकरवार, भूपेंद्र चौधरी, दीपक पाराशर, नवीनचंद्र, कमल शर्मा, संजय सिंह, प्रशांत कुमार, जगजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।