आगरा के खंदौली क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के दौरान मिट्टी की विशाल ढाय ढहने से 25 वर्षीय युवक राहुल की मौत हो गई। परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए खनन माफियाओं पर हत्या का आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के मलूपुर गांव में अवैध मिट्टी खनन का कार्य मौत का सबब बन गया। गुरुवार की सुबह गांव के पास अवैध रूप से चल रहे खनन स्थल पर अचानक मिट्टी की ढाय गिर गई। इस हादसे में एक युवक की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने खनन माफियाओं पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
विज्ञापन
मलूपुर गांव में लंबे समय से अवैध रूप से मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था। गुरुवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तभी अचानक खनन स्थल पर मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। मिट्टी के नीचे दबने से 25 वर्षीय राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिट्टी की ढाय इतनी विशाल थी कि युवक को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
राहुल के परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं है, बल्कि खनन माफियाओं द्वारा की गई हत्या है। उनका कहना है कि अवैध खनन के इस कारोबार में लिप्त लोग अक्सर विरोध करने वालों को निशाना बनाते हैं। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा है कि जब तक इस मामले में दोषियों को पकड़ा नहीं जाता, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने खनन माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।