वेतन के रुपये मांगने पर युवक की शनिवार की दोपहर को हत्या करने का आरोप लगाया गया है। ये आरोप किसी और पर नहीं बल्कि युवक के साथ काम करने वाले उसके रिश्तेदार पर है। युवक की मौत बल्लभगढ़ हरियाणा में हुई, जिसके बाद शव को गांव लाया गया। मृतक की बेटी ने हत्या करने का राज खोला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को खबर दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
ये है मामला
जैथरा थाना क्षेत्र के गांव खवा निवासी अवधपाल का आरोप है कि शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे 35 वर्षीय भाई गुड्डू की हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया। इसके बाद शव को लेकर पत्नी आरती और रिश्तेदार गांव आए। यहां मृतक की पांच वर्षीय बेटी तनु से बात कर पूछा तो उसने रिश्तेदार द्वारा हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटकाए जाने की बात बताई।
वेतन था बकाया
भाई का कहना है कि बल्लभगढ़ हरियाणा में रहकर गुड्डू नौकरी कर रहा था। उसी कंपनी में कतिथ रिश्तेदार भी लेबर ठेकेदार है। ठेकेदार पर उसके भाई का एक लाख रुपये वेतन का बकाया चल रहा था। शुक्रवार को भाई रुपये मांगने गया तो उसने शराब पिलाई। रात को घर पर भाई नहीं पहुंचा। शनिवार की दोपहर गुड्डू को लेकर रिश्तेदार घर पर पहुंचा, तब पत्नी आरती मौजूद नहीं थी। इसी दौरान रिश्तेदार ने नशे की हालत में गुड्डू की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी के फंदे पर लटका दिया।
हरियाणा भेजी जाएगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट
मृतक के भाई ने बताया कि शनिवार की सुबह उसे रिश्तेदार द्वारा जानकारी दी गई कि उसके भाई गुड्डू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वह शव को लेकर गांव आ रहे हैं। वहीं जैथरा थानाध्यक्ष डॉ. सुधीर राघव ने बताया कि मृतक बल्लभगढ़ में अपने रिश्तेदार के यहां रहता था। वहां पर ही उसकी मौत हुई है। सुबह रिश्तेदार शव लेकर आए तो परिजन ने पोस्टमार्टम कराने की बात कही। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामला बल्लभगढ़ हरियाणा से जुड़ा हुआ है, मुकदमा हरियाणा में दर्ज होगा पोस्टमार्टम रिपोर्ट भेजी जाएगी।