कर्ज से परेशान होकर युवक घर से चला आया। वह आत्महत्या करने की बोल रहा था, जिसके बाद घरवालों ने उसकी तलाश की। कोई पता न चलने पर पुलिस की मदद ली गई। पुलिस मोबाइल लोकेशन से उसके पास तक पहुंची। उस दौरान युवक नदी में डूब रहा था, तभी पुलिसकर्मियों ने यमुना में कूदकर उसे बचा लिया।
आगरा में कर्ज से परेशान होकर एक युवक ने यमुना में छलांग लगा दी। युवक अपने भाई के संपर्क में था। भाई ने यूपी 112 पर कॉल किया। उसे बचाने की गुहार लगाई। जानकारी पर दरोगा मौके पर पहुंच गए। बाद में गूगल लोकेशन शेयर कर युवक को ढूंढ निकाला। उसको यमुना से बाहर निकाल लाए। जान बचाने वाले पुलिसकर्मियों को परिवार के लोगों ने धन्यवाद दिया।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार रात के 9:00 बजे होंगे, तभी पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक, जिसका नाम दीपक कुमार है। वह यमुना में कूदने जा रहा है, उसको जल्दी से बचा लो। इस समय वह हाथी घाट पर मौजूद है। यूपी 112 पर यह सूचना आने के बाद थाना छत्ता पुलिस को अवगत कराया गया। उस समय थाने की डिवीजन चौकी प्रभारी चित्र कुमार बेलनगंज में गश्त पर थे। कॉलर से जानकारी मिलने के बाद वे उप निरीक्षक मांगे राम, चौकी प्रभारी सुभाष बाजार थाना मंटोला और उपनिरीक्षक सुमित कुमार के साथ बाइक पर हाथी घाट पर पहुंच गए। मगर, किसी के कूदने के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। इस पर उन्होंने कॉलर से जानकारी ली।
उसने बताया कि दीपक यमुना में ही है। उसकी लोकेशन भी मिल रही है। इस पर दरोगा ने युवक की लोकेशन ली। लोकेशन अंबेडकर पुल की आई। इस पर पुलिसकर्मी तलाश करते हुए अंबेडकर पुल के नीचे पहुंचे। यहां पर मोबाइल और पर्स रखे मिले। अंदर एक युवक डूब रहा था। उसे देखकर पुलिसकर्मी यमुना में कूद गए और उसे बचाकर बाहर निकालना निकाल लाए। 15 मिनट में पुलिस ने युवक की जान बचा ली।
कर्ज होने से था परेशान
चौकी प्रभारी चित्र कुमार ने बताया कि दीपक कुमार सेवला सदर का रहने वाला है। वह प्राइवेट कंपनी में अकाउंट का काम करता है। परिवार के लोगों ने बताया कि उस पर कर्जा हो गया है। इस कारण परेशान चल रहा था। अभी शादी भी नहीं हुई है। उसके भाई ने पुलिस को सूचना दी थी। उसके मिलने के बाद परिवार के लोग आ गए। उसे परिजन के सुपुर्द कर दिया गया। चौकी प्रभारी के सराहनीय कार्य को अधिकारियों ने भी सराहा है।